Ticker

6/recent/ticker-posts

मंदसौर की खबरे -20 फरवरी 21-Mandsaur news

 सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र अग्रवाल का उज्जैन में हुआ सम्मान 



मंदसौर। महाकाल की नगरी उज्जैन में  मां बगलामुखी धाम सामाजिक सेवा समिति  द्वारा सामाजिक, धार्मिक एवं रचनात्मक क्षेत्र में सदैव अग्रणी भूमिका निभाने वाले मंदसौर के सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र अग्रवाल को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
 उज्जैन में भैरवगढ़ मार्ग पर पीर मंगलनाथ समाधि स्थल पर धर्म अध्यात्म विश्वास और आस्था के साथ मां बगलामुखी  एवं नवनाथ महाराज की मूर्ति प्रतिष्ठा समारोह 2 अप्रैल 20 को हुआ था। तब से लगातार श्री मंगलनाथ सरकार सामाजिक सेवा समिति के अध्यक्ष योगी पीर रामनाथ महाराज के सानिध्य में सामाजिक , धार्मिक एवं रचनात्मक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले महानुभावों का सम्मान किया जा रहा है। इसी  श्रंखला में सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र अग्रवाल  द्वारा  कोरोना संक्रमण के दौरान मंदसौर शहर में अग्रवाल समाज, वैश्य समाज ,मारवाड़ी युवा मंच, श्री हरि कथा आयोजन समिति सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न सामग्री की किट सहित अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं उपलब्ध कराए जाने को लेकर मददगार योद्दा के रुप मे गत दिवस उज्जैन प्रवास के दौरान महाराज श्री के सानिध्य में सम्मान पत्र भेंटकर  सम्मानित किया गया।

20 फरवरी को  होगा एमसीएल टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ
भव्य आतिशबाजी से जगमगायेगा स्टेडियम



मन्दसौर। यूनिक क्रिकेट अकादमी द्वारा आज 20 फरवरी, शनिवार को सायं 6 बजे नूतन स्टेडियम में एमसीएल टी-10 सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ भव्य आतिशबाजी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा। 20 से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता लेदर बॉल से खेली जाएगी जिसमें मंदसोर जिले के खिलाड़ियों की 6 टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। 
यूनिक क्रिकेट अकादमी सचिव नवीन खोखर ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के नवीन, नवकरणीय ऊर्जा एवं पर्यावरण मंत्री श्री हरदीपसिंह डंग, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका डॉ. मुकेश गिरी गोस्वामी उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता जिला क्रिकेट एसोसिऐशन के अध्यक्ष श्री मुकेश काला करेंगे। विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नानालाल अटोलिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री नवकृष्ण पाटील, उद्योगपति श्री विनोद गर्ग, समाजसेवी श्री नाहरू खां मेव (एन.के. इंजिनियर), म.प्र. क्रिकेट एसोसिऐशन के सदस्य डॉ. एस.एस. भाटी, जिला क्रिकेट एसोसिऐशन के सचिव श्री आदित्यसिंह चौहान होंगे। शुभारंभ मैच सायं 6 बजे इंडियन इलेवन व वर्ल्ड इलेवन बालागुढ़ा एवं दूसरा मैच रात्रि 8 बजे मंदसौर इंडियन व मंदसौर सुपर किंग के बीच खेला जाएगा। 
ट्राफी का हुआ अनावरण- शुक्रवार को नूतन स्टेडियम में यूनिक क्रिकेट अकादमी द्वारा एमसीएल टी-10 सीजन-2 टूर्नामेंट में भाग लेने वाले 6 टीमों के कप्तानों की उपस्थिति में चमचमाती ट्राफी का अनावरण किया। यह ट्राफी टूर्नामेंट विजेता को 23 फरवरी को प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर टीमों के कप्तान नवीन मावर, देवेन्द्र बैरागी, संस्कारसिंह, इमरान खान अक्कु, हिमांशु शर्मा, योगेन्द्रसिंह सिसाौदिया उपस्थित थे। 
शुभारंभ एवं टूर्नामेंट मैच में खेल प्रेमियों से उपस्थित होने की अपील अकादमी के अध्यक्ष हिम्मत डांगी, चेयरमेन गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष शाहिद चौधरी, सचिव नवीन खोखर, निलेश खोखर, संस्कारसिंह, विवेक भावसार, धिरेन्द्र नोगिया, यश पाटीदार, भूपेन्द्र पंवार, दीपक कोठारी, दीपकसिंह मोहनिया, दीपकसिंह चन्द्रावत, प्रितेश फरक्या, ब्रजेश सेन मारोठिया, अनिल शिन्दे, राहुल प्रजापत, आयुषसिंह चौहान, आशीष राठोर, जितेन्द्र राठौर, इ्रशित्वसिंह रावत, हर्ष शर्मा, पवित्र गुप्ता, विश्वजीत चौबे, वैभव रायमलानी, शुभम मारोठिया, मानस कुमावत, प्रीत छाबड़ा, कैप्टनसिंह छाबड़ा, राजेश राठौर, पियुष जैन, सन्नी गोसर, अभिषेक सेठिया, आकाश गाजवा, असलान खान, गजेन्द्र गुर्जर, धर्मेन्द्रसिंह सिसौदिया, कपिल राठौर, अंतिम शर्मा, नेहिल डांगी, पुलकित डोगी आदि ने की है। 



करंट से मृत हुए वानर का अंतिम सस्कार किया ओम बड़ोदिया ने
शुक्ला कॉलोनी के राहगिरों ने देखा लेकिन किसी ने कोशिश नहीं की बंदर को बचाने की


 

मन्दसौर। सामाजिक कार्यकर्ता व पशु प्रेमी ओम बड़ोदिया ने बताया कि गुरूवार की  शाम शुक्ला कॉलोनी में एक बंदर को करंट लगने के बाद वह रोड़ पर आ गिरा। उसके पश्चात् उस बन्दर को क्षेत्र के कुत्तों ने नोच-नोच कर बन्दर के शरीर को छिन्न-भिन्न कर दिया। इस हृदय विदारक घटना को उस क्षेत्र के व उस सड़क पर गुजरने वाले सैकड़ों लोगों ने देखा पर ना तो करंट लगने से जमीन पर आ गिरे बन्दर को किसी ने बचाने की कोशिश की और ना ही किसी ने बन्दर के शव को नोच रहे कुत्तों को भगाने की कोशिश की। 
उक्त घटना की खबर ओम बड़ोदिया को दीपक सोनी ने दी। खबर लगने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि बन्दर का शरीर कई भागों में क्षत-विक्षत रूप से इधर-उधर पड़ा है और कुत्ते उसे नोच रहे है। श्री बड़ोदिया व उनकी टीम ने बन्दर के शव के टूकड़ों को इकट्ठा किया और शुक्रवार की सुबह उसका विधि विधान से मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया। 
श्री बड़ोदिया ने बताया कि इस तरह की घटनाएं मानव मस्तिष्क को झकझोर देती है। जब किसी जानवर के साथ ऐसी घटनाएं हो तो उसे देखने वाले दर्शक या वहां से गुजरने वाले राहगिर उन्हें मो.नं. 9424034388 या 7999778926 पर सूचना देवे। जिससे उस जानवर की जान बचाई जा सके। 


Post a Comment

0 Comments